मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई बिहार कैबिनेट की बैठक में 10 महत्वपूर्ण एजेंडों पर मुहर लगाई गई। बैठक में दोनों डिप्टी सीएम समेत सभी विभागों के मंत्री मौजूद रहे। सरकार ने पर्यावरण, रोजगार, शिक्षा, ऊर्जा और प्रशासन से जुड़े कई अहम फैसले लिए।
चार शहरों में CBG प्लांट
पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए गयाजी, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और बिहारशरीफ में कंप्रेस्ड बायो-गैस (CBG) प्लांट स्थापित करने को मंजूरी दी गई है। IOCL, GAIL, HPCL और BPCL जैसी सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों को 25 वर्षों के लिए 10-10 एकड़ जमीन मुफ्त में उपलब्ध कराई जाएगी।

‘कुशल युवा कार्यक्रम’ का विस्तार
‘सात निश्चय-3’ के तहत कुशल युवा कार्यक्रम को 2026-27 से 2030-31 तक अगले पांच वर्षों के लिए बढ़ाया गया है। 2026-27 के लिए 430.08 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। निजी ITI की 50 प्रतिशत सीटों पर नामांकन BCECEB के माध्यम से होगा।
PM सूर्य घर योजना में अतिरिक्त सब्सिडी
प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत राज्य सरकार आवासीय उपभोक्ताओं को 10,000 रुपये प्रति किलोवाट और अधिकतम 20,000 रुपये तक अतिरिक्त सब्सिडी देगी। यह राशि DBT के जरिए सीधे बैंक खाते में भेजी जाएगी। इसके लिए एक साल के लिए 1,000 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।
स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड और B.Ed कॉलेजों पर बड़ा फैसला
बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना को अगले पांच वर्षों के लिए बढ़ाया गया है। चालू वित्तीय वर्ष के लिए 950 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं, करीब 300 एकल B.Ed शिक्षक-शिक्षा संस्थानों को NEP 2020 और NCTE के दिशा-निर्देशों के तहत बहुविषयक डिग्री कॉलेजों में बदलने का निर्णय लिया गया है।
बिजली कंपनी में 221 नए पद
BSPTCL में कार्यपालक अभियंता, सहायक कार्यपालक अभियंता, कनीय अभियंता और तकनीकी संवर्ग के कुल 221 नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा, सेवानिवृत्त IAS अधिकारी संजय कुमार को एक वर्ष के लिए संविदा के आधार पर पुनर्नियोजित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली है।
इन फैसलों के जरिए राज्य सरकार ने रोजगार, शिक्षा, हरित ऊर्जा और बिजली व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया है।
@MUSKAN KUMARI






