बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की ओर से 19 अगस्त को छात्रों के हित में राजभवन मार्च निकालने की घोषणा पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने तेजस्वी यादव पर छात्रों के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया।
संजय सरावगी ने कहा कि जब बिहार में बड़ा छात्र आंदोलन चल रहा था, तब तेजस्वी यादव यूरोप में थे। उन्होंने दावा किया कि तेजस्वी यादव का छात्रों से कोई सरोकार नहीं है और बिहार की जनता चुनाव में इसका जवाब दे चुकी है। बांकीपुर उपचुनाव का जिक्र करते हुए सरावगी ने कहा कि वहां भी तेजस्वी यादव के उम्मीदवार की जमानत जब्त हो गई। उन्होंने राजभवन मार्च की घोषणा को राजनीतिक दिखावा बताया।
हाजीपुर हत्याकांड पर जताया दुख
हाजीपुर में कंस्ट्रक्शन ठेकेदार रामनरेश राय की गोली मारकर हत्या पर सरावगी ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि हत्यारों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। सरावगी ने दावा किया कि पुलिस 48 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।

मंत्रियों की बैठक पर कांग्रेस को जवाब
मुख्यमंत्री आवास पर बीजेपी कोटे के मंत्रियों की बैठक को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर सरावगी ने कहा कि यह सामान्य प्रक्रिया है। मुख्यमंत्री अपने मंत्रियों के साथ नियमित बैठक करते हैं और सरकार के कामकाज पर चर्चा होती है।
एनडीए में सबकुछ ठीक नहीं होने के कांग्रेस के आरोप पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को पहले अपने गठबंधन की स्थिति देखनी चाहिए।
नीतीश की बैठक और राहुल गांधी पर निशाना
नीतीश कुमार के दिल्ली में JDU सांसदों के साथ बैठक करने पर सरावगी ने कहा कि वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, इसलिए सांसदों के साथ बैठक करना स्वाभाविक प्रक्रिया है।
वहीं, लोकसभा में गृह मंत्री अमित शाह की गैरमौजूदगी को लेकर राहुल गांधी के सवाल पर सरावगी ने कांग्रेस नेता को “अराजकता और झूठ का पोस्टर बॉय” बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पिछले 17-18 दिनों से सदन की कार्यवाही बाधित कर रहे हैं और विपक्ष छात्रों के मुद्दे पर राजनीति कर रहा है।
@MUSKAN KUMARI






