पटना: बिहार की सियासत में इन दिनों तिरंगा यात्रा के साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का एक वायरल वीडियो भी चर्चा का केंद्र बना हुआ है। सोशल मीडिया पर वायरल क्लिप में सम्राट चौधरी मंच पर बैठे नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह जेब से कुछ निकालकर चेहरे के पास ले जाते और फिर मुंह में कुछ डालते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के बैकग्राउंड में भोजपुरी गायक पवन सिंह का खैनी से जुड़ा गाना लगाया गया है।
वीडियो के साथ सोशल मीडिया पर व्यंग्यात्मक कैप्शन भी वायरल हो रहा है—‘वैधानिक चेतावनी: खैनी, गुटखा और तंबाकू स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।’ वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष ने इसे लेकर सरकार और सम्राट चौधरी पर निशाना साधना शुरू कर दिया। राजद की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका भारती ने भी इस वीडियो को शेयर किया, जिसके बाद ‘मुंह में क्या गया?’ को लेकर सोशल मीडिया पर राजनीतिक बहस तेज हो गई।

हालांकि, वायरल वीडियो में सम्राट चौधरी ने वास्तव में क्या खाया, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। न्यूज4नेशन के कार्यकारी संपादक धीरेंद्र कुमार ने दावा किया है कि सम्राट चौधरी खैनी खाने के आदी नहीं हैं। उनके मुताबिक, सम्राट को लंबे समय से लौंग और इलायची मुंह में रखने की आदत है। उन्होंने कहा कि विधायक रहने के समय से उन्होंने सम्राट को लौंग-इलायची का इस्तेमाल करते देखा है, लेकिन खैनी खाते हुए नहीं देखा।
इस विवाद के बीच विधानसभा का पुराना वीडियो भी फिर चर्चा में आ गया है। उस समय विपक्ष ने आरोप लगाया था कि सम्राट चौधरी सदन के अंदर खैनी खा रहे थे। भाजपा और जदयू ने इन आरोपों को विपक्ष की हताशा बताया था। अब तिरंगा यात्रा का नया वीडियो सामने आने के बाद पुराना विवाद एक बार फिर सियासी बहस का मुद्दा बन गया है।
@MUSKAN KUMARI






