बिहार के लाखों सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सरकार ने अगस्त महीने की सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि जारी कर दी है। राज्य के 97.84 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में DBT के जरिए 1,423.94 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। पेंशनधारक अब अपना बैंक खाता चेक कर सकते हैं।
राज्य में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों समेत पात्र लाभार्थियों को अब हर महीने 1,100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। बिहार में सामाजिक सुरक्षा के तहत कुल छह प्रकार की पेंशन योजनाएं संचालित हैं।
400 से बढ़ाकर 1,100 रुपये हुई पेंशन
सरकार के मुताबिक, पहले लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तौर पर 400 रुपये प्रतिमाह मिलते थे। अब इस राशि को बढ़ाकर 1,100 रुपये कर दिया गया है। सरकार का कहना है कि इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।

DBT के जरिए सीधे खाते में पैसा
पेंशन की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से आधार-सीडेड बैंक खातों में भेजी जा रही है। इससे लाभार्थियों को सीधे आर्थिक सहायता मिलने का दावा किया गया है।
सरकार की ओर से अगस्त की पेंशन राशि ट्रांसफर किए जाने के बाद लाभार्थी अपने बैंक खाते, मोबाइल बैंकिंग या बैंकिंग सेवा के जरिए भुगतान की स्थिति चेक कर सकते हैं।
@MUSKAN KUMARI





