पटना: पटना हाईकोर्ट को जल्द ही नया मुख्य न्यायाधीश मिल सकता है। सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने दिल्ली हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस वी. कामेश्वर राव को पटना हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। कॉलेजियम की बैठक 6 अगस्त को हुई थी, जिसकी अध्यक्षता भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने की।
कॉलेजियम ने अलग-अलग हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए कुल चार नामों की सिफारिश की है। जस्टिस वी. कामेश्वर राव को पटना हाईकोर्ट भेजने की सिफारिश की गई है।

इसके अलावा बॉम्बे हाईकोर्ट के जस्टिस रविंद्र वी. घुगे को कलकत्ता हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की गई है। वहीं इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी को बॉम्बे हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने की सिफारिश की गई है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के जस्टिस अश्विनी कुमार मिश्रा को उसी हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने का प्रस्ताव है।
कॉलेजियम ने दो हाईकोर्ट जजों के तबादले की भी सिफारिश की है। ओडिशा हाईकोर्ट के जस्टिस मनश रंजन पाठक का गुजरात हाईकोर्ट और जस्टिस कृष्ण राम महापात्र का छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट तबादला करने की सिफारिश की गई है।
हालांकि, इन नियुक्तियों और तबादलों पर अंतिम फैसला संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद होगा। कॉलेजियम की सिफारिश के बाद अब केंद्र सरकार की ओर से आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
@MUSKAN KUMARI





