बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने शुक्रवार को जनता दल (यूनाइटेड) के युवा कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा और राज्य के विकास की कहानी नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जदयू के युवा कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं और Gen-Z पीढ़ी को वर्ष 2005 से पहले और उसके बाद बिहार में हुए बदलावों की जानकारी देना आवश्यक है।
निशांत ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क, बिजली और कानून-व्यवस्था सहित कई क्षेत्रों की स्थिति कमजोर थी। उनके अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास की नई शुरुआत हुई और अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य उसी विकास यात्रा को आगे बढ़ा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री ने बिना किसी का नाम लिए पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2005 से पहले राज्य में उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं हुए थे। उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई, सामाजिक तनाव और दंगों पर नियंत्रण पाया गया तथा विकास की मजबूत नींव रखी गई।
उन्होंने यह भी कहा कि अल्पसंख्यक, पिछड़ा और अति पिछड़ा वर्ग के कल्याण के लिए पिछले दो दशकों में कई योजनाएं लागू की गईं, जिससे समाज के सभी वर्गों को विकास का लाभ मिला। उनके अनुसार, बिहार ने पिछले 20 वर्षों में विकास के नए मानक स्थापित किए हैं।
निशांत ने युवा कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और युवाओं को पार्टी से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क अभियान के माध्यम से नई पीढ़ी को बिहार के विकास की यात्रा से अवगत कराना और विकसित बिहार के संकल्प को मजबूत करना जरूरी है।
@MUSKAN KUMARI





