पटना: राजधानी पटना में मेट्रो निर्माण कार्य को तेज गति देने और ट्रैफिक जाम की समस्या कम करने के लिए नेहरू पथ के चौड़ीकरण का काम तेजी से किया जा रहा है। सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के लिए चिड़ियाघर गेट नंबर-1 के पास डिवाइडर हटाने और कई यू-टर्न बंद करने की शुरुआत कर दी गई है। इसके साथ ही कई सरकारी भवनों की चहारदीवारी पीछे हटाई जाएगी, जिसके लिए जमीन की मापी का कार्य शुरू हो चुका है।
अधिकारियों के अनुसार, आयकर गोलंबर से पटना जू तक व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की तैयारी है। इस मार्ग पर केवल निजी वाहन, सरकारी वाहन और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को ही चलने की अनुमति होगी। व्यावसायिक वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किया जा रहा है ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
मेट्रो निर्माण के चलते चिड़ियाघर और विकास भवन के पास सड़क की चौड़ाई लगभग 10 फीट कम हो गई है, जिससे रोजाना जाम की स्थिति बन रही थी। इसी समस्या के समाधान के लिए डिवाइडर हटाने, यू-टर्न बंद करने और सरकारी भवनों की बाउंड्री पीछे करने का निर्णय लिया गया है।

पथ निर्माण विभाग की मापी के बाद चिड़ियाघर के पास डिवाइडर हटाकर सड़क को लगभग 5 फीट चौड़ा किया जा रहा है। वहीं विकास भवन और विश्वेश्वरैया भवन के पास चहारदीवारी हटने से सड़क की चौड़ाई करीब 7 फीट बढ़ेगी।
ट्रैफिक एसपी सागर कुमार ने बताया कि नेहरू पथ चौड़ीकरण का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है और इसे लगभग एक सप्ताह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार, 15 अगस्त तक चौड़ीकरण का कार्य पूरा होने के बाद नगर विकास एवं आवास विभाग, पथ निर्माण विभाग और परिवहन विभाग की सहमति से नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जा सकती है।
नई व्यवस्था के तहत व्यावसायिक वाहनों को आयकर गोलंबर से वीरचंद पथ होते हुए हार्डिंग रोड और फिर पीर अली पथ के रास्ते एयरपोर्ट-शेखपुरा रोड या जगदेव पथ की ओर भेजा जाएगा। इस मार्ग पर ऑटो, ई-रिक्शा और सिटी बसों का परिचालन जारी रहेगा। वहीं सगुना मोड़ से डाकबंगला की ओर आने वाले व्यावसायिक वाहनों को जगदेव पथ या शेखपुरा मोड़ के रास्ते एयरपोर्ट रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
@MUSKAN KUMARI





