बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में हार के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के भीतर सियासी घमासान तेज हो गया है। पार्टी के वरिष्ठ विधायक भाई वीरेंद्र ने एक बार फिर तीखे तेवर दिखाते हुए संगठन के कुछ नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वह राजनीति केवल तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के उद्देश्य से कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग तेजस्वी यादव के नाम का इस्तेमाल कर लोगों से पैसे वसूलने और मुलाकात कराने का काम कर रहे हैं। उनके मुताबिक, ऐसे लोगों की वजह से पार्टी की छवि लगातार खराब हो रही है।
बिना किसी का नाम लिए भाई वीरेंद्र ने अपने विरोधियों पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘जिंदा चमड़े’ का सप्लायर तक कह दिया। साथ ही दावा किया कि संबंधित नेता के राजनीतिक और निजी जीवन से जुड़ी कई बातें उन्हें मालूम हैं और जरूरत पड़ने पर वह सब कुछ सार्वजनिक कर देंगे।

भाई वीरेंद्र ने कहा कि जब कुछ लोगों ने राजनीति में कदम भी नहीं रखा था, तब से वह सक्रिय राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2010 में जब राजद के केवल 22 विधायक थे, तब भी वह पार्टी के साथ मजबूती से खड़े थे। उन्होंने दोहराया कि उनकी निष्ठा केवल लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के प्रति है।
राजद विधायक ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर उन्हें लगातार उकसाया गया तो वह कई ऐसे तथ्यों का खुलासा करेंगे, जिससे कुछ नेताओं का राजनीति में टिकना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा, “मैं लालू यादव और तेजस्वी यादव का आदमी हूं। मेरी हैसियत पर सवाल उठाने वाले पहले अपनी हैसियत देखें।”
भाई वीरेंद्र के इस बयान ने राजद की अंदरूनी खींचतान को एक बार फिर सार्वजनिक कर दिया है। अब इस पर पार्टी नेतृत्व या जिन नेताओं पर इशारों में निशाना साधा गया है, उनकी प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
@MUSKAN KUMARI






