जहानाबाद के काको थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सरस्वती मोड़ के पास एनएच-33 पर साइकिल से घर लौट रहे कृषि सलाहकार ज्ञानचंद शर्मा की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि वह ट्रक के नीचे फंसकर काफी दूर तक घिसटते चले गए, जिससे उनका चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मृतक ज्ञानचंद शर्मा सफेपुर गांव के निवासी थे और काको प्रखंड कृषि विभाग में अमथुआ पंचायत के कृषि सलाहकार के रूप में कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार, वह सब्जी लेकर साइकिल से घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने ट्रक में आग लगा दी और एनएच-33 को जाम कर दिया। देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और जाम हटवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी है।
@MUSKAN KUMARI






