पटना: पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, रोजगार और शिक्षा व्यवस्था में सुधार समेत विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को राजधानी पटना में छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। पटना विश्वविद्यालय से जुड़े करीब 15 छात्र संगठनों के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र जेपी गोलंबर से मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च के लिए निकले। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी, जिसके बाद हालात तनावपूर्ण हो गए।
प्रदर्शन जेपी गोलंबर से इनकम टैक्स गोलंबर होते हुए डाकबंगला चौराहे तक पहुंचा, जहां पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की और हल्की झड़प हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की बौछार के बाद कई छात्र सड़क पर बैठकर विरोध जताने लगे, जिन्हें पुलिस ने हटाकर आगे बढ़ने से रोक दिया।
प्रदर्शनकारियों ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, पेपर लीक की निष्पक्ष जांच, आंदोलन के दौरान छात्रों पर हुई कार्रवाई वापस लेने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं के लिए रोजगार की मांग की। साथ ही सीवान छात्र आंदोलन में घायल छात्र को मुआवजा, गिरफ्तार छात्रों की रिहाई और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग उठाई।

प्रदर्शन के समर्थन में कांग्रेस के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और सांसद पप्पू यादव भी पहुंचे। पुलिस ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन सभी का अधिकार है, लेकिन कानून-व्यवस्था भंग करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। फिलहाल डाकबंगला चौराहे पर स्थिति नियंत्रण में है और पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
@MUSKAN KUMARI






