बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों को माफ किए जाने के फैसले की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री और उनकी दिवंगत माताजी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था। इसके बावजूद प्रधानमंत्री ने भटके हुए युवाओं को सजा के बजाय मार्गदर्शन देने की बात कही और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में कटौती पर प्रतिक्रिया देते हुए सरावगी ने कहा कि केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई कमी का लाभ सीधे जनता तक पहुंचा रही है। उनके अनुसार, इस फैसले से व्यापारियों और आम लोगों को आर्थिक राहत मिलेगी।

विपक्ष पर हमला बोलते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि देशभर में कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है और राहुल गांधी के प्रति जनता का भरोसा कम हुआ है। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में एनडीए का जनाधार बढ़ रहा है और विपक्षी दलों को जनता का अपेक्षित समर्थन नहीं मिल रहा।
संजय सरावगी ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में दो मजदूरों की हत्या की घटना की निंदा करते हुए कहा कि आतंकवादियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, सिवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस फायरिंग के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने विपक्ष से इस मामले पर राजनीति न करने की अपील की।
@MUSKAN KUMARI





