बिहार की राजधानी पटना के दलदली रोड स्थित मतदान केंद्र संख्या-143 पर EVM बदले जाने की सूचना के बाद कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। खबर फैलते ही स्थानीय लोगों और समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसके बाद भारी संख्या में पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात पर काबू पाया।
घटना की जानकारी मिलने पर जन सुराज के नेता प्रशांत किशोर भी मतदान केंद्र पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। केंद्र के बाहर जुटी भीड़ को पुलिस ने शांत कराया और निष्पक्ष मतदान का भरोसा दिलाया।

निर्वाचन अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्र पर लगी चार EVM मशीनों में तकनीकी खराबी आने के कारण उन्हें नियमानुसार बदलना पड़ा। अधिकारियों के अनुसार, मशीन बदले जाने से पहले उसमें 53 वोट दर्ज हो चुके थे। इन वोटों का पूरा रिकॉर्ड आधिकारिक रजिस्टर में सुरक्षित दर्ज कर लिया गया है, ताकि मतगणना के दौरान उन्हें अंतिम परिणाम में शामिल किया जा सके।
इसके बाद नई EVM लगाकर मतदान प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी गई। फिलहाल मतदान केंद्र पर स्थिति सामान्य है और मतदाता शांतिपूर्ण तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
@MUSKAN KUMARI






