राजधानी पटना में आज से सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। पटना नगर निगम के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के चलते शहर के कई इलाकों में कचरा उठाव और सफाई का काम ठप पड़ सकता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
नगर निगम कर्मचारी संघ का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों पर केवल आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया। कर्मचारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि इस बार लिखित आश्वासन और मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी।

हड़ताली कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण, समय पर एसीपी और एमएसीपी का लाभ तथा वेतन विसंगतियों को दूर करना शामिल है। कर्मचारियों का आरोप है कि वर्षों की सेवा के बावजूद उन्हें उनके अधिकारों से वंचित रखा जा रहा है।
उधर, नगर निगम प्रशासन हड़ताल खत्म कराने और कर्मचारियों से बातचीत के प्रयास में जुटा है। हालांकि, कर्मचारी अपने रुख पर कायम हैं। यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो आने वाले दिनों में राजधानी में कचरे का अंबार लग सकता है और लोगों को गंदगी व बदबू की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ सकता है।
@MUSKAN KUMARI






