बांकीपुर उपचुनाव: प्रचार थमा, रोड शो और शक्ति प्रदर्शन से गरमाई सियासत; भाजपा, राजद, जन सुराज के साथ RLJP ने भी झोंकी ताकत

बिहार की राजधानी पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सियासी सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच गई। भाजपा, राजद, जन सुराज और राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) समेत सभी प्रमुख दलों ने शक्ति प्रदर्शन और जनसंपर्क अभियान के जरिए मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की पूरी कोशिश की। पटना की सड़कों पर निकले रोड शो और जनसभाओं ने चुनावी माहौल को पूरी तरह गर्मा दिया।

भाजपा ने अपने प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में भव्य रोड शो निकाला। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भट्टाचार्या मोड़ से गांधी मैदान स्थित उद्योग भवन तक रोड शो कर जनता से कमल के पक्ष में मतदान की अपील की। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि बांकीपुर की जनता विकास और स्थिरता के साथ खड़ी है और एनडीए को भारी समर्थन मिलेगा।

वहीं, राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में रोड शो किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बांकीपुर की जनता बदलाव चाहती है और स्थानीय मुद्दों पर वोट करेगी।

Ad.
Ad.

जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर ने मोहल्ला बैठकों और ‘चाय पर चर्चा’ के जरिए मतदाताओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर को वर्षों तक सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया गया और अब जनता व्यवस्था परिवर्तन चाहती है।

इसी बीच राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) के उम्मीदवार तनवीर आलम ने भी डोर-टू-डोर जनसंपर्क और नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाई। उन्होंने खुद को एक मजबूत और जनहितैषी विकल्प बताते हुए जनता से समर्थन की अपील की तथा क्षेत्र के विकास और स्थानीय समस्याओं को प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाया।

अब प्रचार थम चुका है और निगाहें 30 जुलाई को होने वाले मतदान तथा 3 अगस्त को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं। बांकीपुर की जनता का फैसला तय करेगा कि इस हाई-प्रोफाइल उपचुनाव में किस दल के दावे पर मुहर लगती है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल