पटना स्थित बीजेपी कार्यालय में एनडीए के वरिष्ठ नेताओं—बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद, जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार और बीजेपी एमएलसी नवल किशोर यादव ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर और राजद नेता तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला।
रविशंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि प्रशांत किशोर कांग्रेस के इशारे पर चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं और राहुल गांधी की भाषा बोल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और पार्टी भारी मतों से जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों के आधार पर जनता एक बार फिर एनडीए पर भरोसा जताएगी।

जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव पर अपनी पार्टी की उम्मीदवार की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी चुनाव प्रचार से दूर हैं और प्रशांत किशोर द्वारा जीविका दीदियों पर उठाए गए सवालों का भी जवाब दिया। साथ ही उन्होंने प्रशांत किशोर की पार्टी पर होटल का बकाया भुगतान नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पास इसके प्रमाण मौजूद हैं।
वहीं बीजेपी एमएलसी नवल किशोर यादव ने भी विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार की जनता भ्रम फैलाने वालों के बहकावे में नहीं आएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि बांकीपुर उपचुनाव में एनडीए को भारी जीत मिलेगी।
@MUSKAN KUMARI





