वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के साथी और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा के अनुसार, 18 जुलाई को ट्यूशन जा रही छात्रा का कथित तौर पर अपहरण कर उसे गन्ने के खेत में ले जाया गया, जहां मुख्य आरोपी पर दुष्कर्म का आरोप है। घटना के दौरान उसका साथी कथित तौर पर निगरानी कर रहा था।
घटना की जानकारी करीब 48 घंटे बाद पुलिस को मिलने पर महुआ एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। जांच के दौरान मुख्य आरोपी के सहयोगी को गिरफ्तार किया गया। वहीं, मुख्य आरोपी के पिता को भी पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने, जांच में सहयोग नहीं करने और पुलिस टीम के साथ मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

मुख्य आरोपी फिलहाल फरार है। पुलिस का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
@MUSKAN KUMARI






