पटना जिले के मोकामा स्थित सम्यागढ़ थाना में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी सौरभ कुमार को 27 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सौरभ कुमार पुलिस अवर निरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) के पद पर कार्यरत हैं और सम्यागढ़ थाना के थानाध्यक्ष हैं।
जानकारी के मुताबिक, सम्यागढ़ थाना क्षेत्र के प्रह्लादपुर निवासी मनोज कुमार ने विजिलेंस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि थाना प्रभारी उनके क्षेत्र में जेसीबी मशीन चलाने के बदले हर सप्ताह रिश्वत की मांग कर रहे थे।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मामले की सत्यापन जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद विशेष टीम ने जाल बिछाकर सम्यागढ़ थाना परिसर में ही कार्रवाई की और सौरभ कुमार को 27 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी थानाध्यक्ष को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी के खिलाफ रिश्वतखोरी के अन्य मामले भी जुड़े हैं या नहीं।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। विजिलेंस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी पद का दुरुपयोग कर रिश्वत लेने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा और भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
@MUSKAN KUMARI






