भोजपुर में 11वीं के छात्र की बेरहमी से हत्या, धारदार हथियार से गला रेतकर उतारा मौत के घाट; खंडहर में मिला खून से लथपथ शव

बिहार के भोजपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। उदवंतनगर थाना क्षेत्र के गजराजगंज ओपी अंतर्गत मसाड़ गांव में 11वीं कक्षा के 18 वर्षीय छात्र की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। युवक का खून से लथपथ शव घर से कुछ ही दूरी पर मुसहर टोली के पास स्थित एक खंडहर में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में मातम और दहशत का माहौल है।

मृतक की पहचान मसाड़ गांव निवासी प्रीतम कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय मिथिलेश सिंह के पुत्र थे और इंटर (11वीं) के छात्र थे। परिजनों के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6 बजे प्रीतम किसी काम से घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिवार के लोग उनकी तलाश में जुटे ही थे कि शाम करीब 7:30 बजे गांव के एक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि मुसहर टोली के पास स्थित एक खंडहर में एक युवक का शव पड़ा है।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां प्रीतम का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था। उसके गले पर धारदार हथियार से वार कर हत्या की गई थी। शरीर पर भी कई गहरे जख्म मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमलावरों ने बेहद बेरहमी से वारदात को अंजाम दिया।

Ad.
Ad.

घटना की सूचना मिलते ही गजराजगंज ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और हत्या के पीछे की वजह, हमलावरों की पहचान तथा वारदात से जुड़े हर पहलू की गहन जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि प्रीतम अपने परिवार में दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटे थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर तफ्तीश की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद हत्या के कारण तथा आरोपियों का खुलासा किया जाएगा।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल