पटना के फतुहा स्टेशन रोड इलाके में मंगलवार दोपहर अपराधियों ने घर में घुसकर एक फल विक्रेता पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। घायल की पहचान स्टेशन रोड निवासी रामप्रसाद साव के 40 वर्षीय पुत्र बिनोद साव के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि बिनोद साव अपने घर में आराम कर रहे थे, तभी अज्ञात अपराधी घर में दाखिल हुए और उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गए। घटना का पता उस समय चला जब उनकी बेटी स्कूल से घर लौटी और पिता को खून से लथपथ हालत में देखा। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फतुहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को फतुहा अस्पताल ले जाया गया। सिर, चेहरे और गर्दन पर गंभीर चोटें होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य और खून के नमूने जुटाए हैं। पुलिस हमले के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए जांच कर रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
@MUSKAN KUMARI





