सहरसा: बिहार के सहरसा जिले में पुलिस ने अवैध देह व्यापार और मानव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर थाना क्षेत्र के भारतीय नगर स्थित रेड लाइट एरिया में छापेमारी की। साइबर डीएसपी कल्याण आनंद के नेतृत्व में सदर थाना पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की संयुक्त टीम ने मंगलवार को की गई इस कार्रवाई में 18 युवतियों को मुक्त कराया, जिनमें 4 नाबालिग लड़कियां भी शामिल हैं।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया। कार्रवाई में एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी शामिल रही, जिसने घटनास्थल से कई आपत्तिजनक सामग्री जब्त कर वैज्ञानिक जांच शुरू की। जांच में यह भी सामने आया कि पहले पुलिस द्वारा सील किए गए एक मकान का ताला तोड़कर वहां फिर से अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। पुलिस ने उस मकान से भी कई युवतियों को बरामद किया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने इस पूरे अवैध कारोबार का संचालन करने वाली एक महिला संचालिका को गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ की जा रही है ताकि मानव तस्करी और देह व्यापार से जुड़े पूरे नेटवर्क तथा अन्य आरोपियों की पहचान की जा सके।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले भी इसी इलाके में कार्रवाई कर 22 महिलाओं को मुक्त कराया गया था और कई मकानों को सील किया गया था। बावजूद इसके, अवैध गतिविधियां दोबारा शुरू होने की सूचना मिलने पर यह विशेष अभियान चलाया गया।
फिलहाल, बरामद की गई चारों नाबालिग लड़कियों की काउंसलिंग कर उन्हें सुरक्षित संरक्षण में भेजने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि इस पूरे सिंडिकेट में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और मामले की जांच जारी है।
@MUSKAN KUMARI





