कैमूर। जिले के मोहनिया नगर पंचायत के वार्ड संख्या-7 स्थित महावीर श्वेत मंदिर के पास एक महिला से शातिर अंदाज में लूटपाट का मामला सामने आया है। बदमाशों ने पहले महिला को बातों में उलझाया और फिर कथित तौर पर नशीला पदार्थ सुंघाकर उसे बेहोश कर लाखों रुपये के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। पीड़िता रीता देवी (पति स्वर्गीय विनोद तिवारी), महावीर कटरा की निवासी हैं और कपड़े की दुकान चलाती हैं। उन्होंने मामले में मोहनिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़िता के अनुसार, वह स्टूअरगंज बाजार से सब्जी खरीदकर घर लौट रही थीं। महावीर कटरा गेट के पास दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोककर कहा कि वे दूर से आए हैं और उन्हें प्यास लगी है। जब महिला ने घर से पानी लाकर देने की बात कही तो आरोपियों ने पास की दुकान से बोतलबंद पानी खरीदकर देने का आग्रह किया। इसी दौरान एक अन्य युवक ने कथित तौर पर उनके चेहरे के पास नशीला पदार्थ लगा रुमाल लहराया, जिसके बाद वह बेहोश हो गईं।
होश आने पर रीता देवी ने देखा कि उनके गले की सोने की चेन, कान के टॉप्स और हाथ की सोने की अंगूठी गायब थी। परिजनों के अनुसार, चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब ढाई से तीन लाख रुपये है।

घटना के बाद पीड़िता के पुत्र पारिजात कुमार ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें कुछ संदिग्ध युवक भागते हुए दिखाई देने की बात कही गई है। यह फुटेज पुलिस को भी सौंप दी गई है।
मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि लिखित आवेदन प्राप्त हो गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
@MUSKAN KUMARI





