गया। जिले में अवैध हथियारों के सिंडिकेट और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोंच थाना क्षेत्र के सिंदुआरी गांव में छापेमारी कर पुलिस ने एक कुख्यात अपराधी को भारी मात्रा में अवैध हथियारों और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश शर्मा उर्फ मुन्ना शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से तीन देसी पिस्टल, छह लोडेड मैगजीन, 19 जिंदा कारतूस और एक लग्जरी कार बरामद की है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, कार का इस्तेमाल रेकी करने और वारदात के बाद भागने के लिए किया जाता था।
कोंच थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुकेश शर्मा उर्फ मुन्ना शर्मा सिंदुआरी गांव में अपने एक रिश्तेदार के घर छिपा हुआ है और किसी बड़ी घटना की योजना बना रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर गांव की घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद हथियारों की सप्लाई कहां से हुई, इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा आरोपी का आपराधिक इतिहास क्या रहा है। पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह और हथियार तस्करी के नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच जारी है।
@MUSKAN KUMARI






