आरा (भोजपुर): भोजपुर जिले में एक अधिवक्ता की निजी जमीन पर कथित अवैध कब्जे और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर विवाद गहरा गया है। मामले को लेकर बड़ी संख्या में सिविल कोर्ट के अधिवक्ता पुलिस अधीक्षक राज के कार्यालय पहुंचे और निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, उदवंतनगर प्रखंड के गजराजगंज थाना क्षेत्र के छोटा सासाराम गांव निवासी अधिवक्ता संजय कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके घर के सामने स्थित निजी जमीन पर अचानक कुछ लोग पहुंच गए। उनके साथ उदवंतनगर के अंचलाधिकारी तथा गजराजगंज थाना की पुलिस भी मौजूद थी। आरोप है कि इसके बाद उनकी जमीन की घेराबंदी शुरू कर दी गई।
अधिवक्ता का कहना है कि जब उन्होंने इस कार्रवाई का विरोध किया तो उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें वहां से हटा दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में बार एसोसिएशन के अधिवक्ता एसपी कार्यालय पहुंचे और मामले में हस्तक्षेप की मांग की।

बार एसोसिएशन के सदस्यों ने आरोप लगाया कि अधिवक्ता की निजी जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा किया जा रहा है तथा स्थानीय अंचल प्रशासन और पुलिस प्रशासन की भूमिका भी संदिग्ध प्रतीत होती है। उन्होंने प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई करने का भी आरोप लगाया।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ने अधिवक्ताओं को आश्वस्त किया कि मामले को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी से बातचीत कर आवश्यक पहल की जाएगी, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा !
@MUSKAN KUMARI






