भागलपुर: भारतीय रेलवे ने भागलपुर और मालदा रेल मंडल के यात्रियों को बड़ी सौगात देते हुए 20 स्टेशनों पर अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (EI) सिस्टम स्थापित करने की मंजूरी दे दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 274 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे रेल परिचालन पहले से अधिक सुरक्षित, तेज और आधुनिक बनेगा।
इस परियोजना के तहत भागलपुर–किऊल रेलखंड के गनगनिया, जमालपुर, दशरथपुर, धरहरा, मसूदन, अभयपुर, कजरा, उरैन, धनौरी सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली विकसित की जाएगी। नई तकनीक लागू होने के बाद ट्रेनों का संचालन पूरी तरह कंप्यूटरीकृत और स्वचालित होगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम से सिग्नल और प्वाइंट्स का संचालन अधिक सुरक्षित और सटीक तरीके से किया जा सकेगा। इससे मानवीय त्रुटियों की संभावना काफी कम होगी और ट्रेनों की आवाजाही पहले की तुलना में अधिक सुचारु और सुरक्षित होगी।

इस आधुनिक प्रणाली के लागू होने से ट्रेनों की समयपालन क्षमता में सुधार होगा, परिचालन में होने वाली अनावश्यक देरी कम होगी और रेल सेवाओं की विश्वसनीयता बढ़ेगी। साथ ही भविष्य में बढ़ते रेल यातायात के बेहतर प्रबंधन में भी यह तकनीक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
रेलवे का मानना है कि यह परियोजना रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे भागलपुर और मालदा रेल मंडल के लाखों यात्रियों को सुरक्षित, तेज और बेहतर रेल सेवा का लाभ मिलेगा।
@MUSKAN KUMARI





