औरंगाबाद: जिले के पौथू थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कोचिंग से घर लौट रही दो छात्राओं की मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने दोनों छात्राओं को कुचल दिया। हादसे में एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मृतकों की पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के नरौला गांव निवासी मोहम्मद रियाजुद्दीन की 15 वर्षीय बेटी अफसरी और रुस्तम अली की 15 वर्षीय बेटी आशिया के रूप में हुई है। दोनों छात्राएं सुबह कोचिंग से पढ़ाई कर अपने घर लौट रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पहले सड़क किनारे लगे एक बिजली के खंभे से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर सड़क पर पैदल जा रही दोनों छात्राओं को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि अफसरी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल आशिया को ग्रामीण इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने भतारी मोड़ के पास ओबरा-पौथू मार्ग को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने फरार चालक की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम की मांग की। सड़क जाम के कारण यातायात काफी देर तक बाधित रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन संचालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दो मासूम छात्राओं की असमय मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
@MUSKAN KUMARI





