मुजफ्फरपुर: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए मुजफ्फरपुर जिले के राजेपुर ओपी में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (ASI) मुन्ना यादव को 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, एएसआई मुन्ना यादव एक दर्ज मामले में मदद करने और केस डायरी पीड़ित के पक्ष में लिखने के एवज में 8 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। रिश्वत नहीं देने की इच्छा होने पर पीड़ित ने पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से शिकायत की।

शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी विभाग ने डीएसपी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में विशेष धावा दल का गठन किया। योजना के तहत पीड़ित ने केमिकल लगे 8 हजार रुपये जैसे ही एएसआई को दिए, पहले से मौजूद टीम ने उन्हें राजेपुर ओपी परिसर के पास रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम आरोपी एएसआई को अपने साथ पटना ले गई, जहां पूछताछ के बाद उन्हें निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
@MUSKAN KUMARI





