पटना: श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने हावड़ा-नटेसर (राजगीर) श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह विशेष ट्रेन 5 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक निर्धारित दिनों में दोनों दिशाओं में संचालित होगी। रेलवे ने ट्रेन का टाइम टेबल, ठहराव स्टेशन और कोच संरचना भी जारी कर दी है।
गाड़ी संख्या 03001 (हावड़ा-नटेसर श्रावणी मेला स्पेशल) 5 जुलाई से 29 सितंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को चलेगी। ट्रेन हावड़ा से रात 11:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 12:00 बजे नटेसर जंक्शन पहुंचेगी।

वहीं, गाड़ी संख्या 03002 (नटेसर-हावड़ा श्रावणी मेला स्पेशल) 6 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शनिवार को संचालित होगी। यह ट्रेन नटेसर जंक्शन से दोपहर 1:00 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 4:30 बजे हावड़ा पहुंचेगी।

रेलवे के अनुसार इस विशेष ट्रेन का ठहराव हावड़ा, बैंडेल जंक्शन, बर्द्धमान जंक्शन, दुर्गापुर, आसनसोल जंक्शन, चित्तरंजन, मधुपुर जंक्शन, जसीडीह जंक्शन, झाझा, जमुई, किऊल जंक्शन, शेखपुरा जंक्शन, अस्तावां, बिहारशरीफ जंक्शन, नालंदा, राजगीर और नटेसर जंक्शन सहित प्रमुख स्टेशनों पर होगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन आईसीएफ रैक से संचालित होगी। इसमें जनरल (द्वितीय श्रेणी), स्लीपर, एसी कोच और एसएलआरडी (SLRD) की व्यवस्था रहेगी। रेलवे का कहना है कि श्रावणी मेले के दौरान बिहार आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है, जिससे पश्चिम बंगाल और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
@MUSKAN KUMARI





