पटना: बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचित सदस्य आज शाम 4 बजे विधान परिषद एनेक्सी के मुख्य सभागार में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। इस शपथ ग्रहण के साथ ही उच्च सदन में सत्ता और विपक्ष दोनों की राजनीतिक ताकत नए चेहरों के साथ और मजबूत होगी।
सबसे ज्यादा चर्चा भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और गायक पवन सिंह की है, जो पहली बार किसी सदन के सदस्य के रूप में अपनी संसदीय पारी शुरू करेंगे। भाजपा ने भोजपुरी क्षेत्र में उनकी लोकप्रियता और मजबूत जनाधार को देखते हुए उन्हें विधान परिषद भेजा है। माना जा रहा है कि शाहाबाद और भोजपुरी बेल्ट में राजनीतिक समीकरण मजबूत करने की रणनीति के तहत पार्टी ने यह अहम दांव खेला है।
सत्तारूढ़ गठबंधन की ओर से जेडीयू के निशांत कुमार, भारती मेहता, शिवानी देवी प्रजापति और ललन प्रसाद शपथ लेंगे। वहीं भाजपा से पवन सिंह, संजय प्रकाश मयूख, अनिल ठाकुर और शीला पंडित विधान परिषद सदस्य बनेंगे। इसके अलावा लोजपा (रामविलास) से अशरफ अंसारी और राजद से डॉ. सुनील कुमार सिंह भी आज शपथ लेकर अपनी नई संसदीय पारी का आगाज करेंगे।

इस चुनाव की खास बात यह रही कि 10 सीटों के लिए केवल 10 उम्मीदवारों ने ही नामांकन दाखिल किया था। नामांकन वापसी के बाद सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुए और करीब 20 दिन पहले निर्वाचन की औपचारिक घोषणा कर दी गई थी।
जेडीयू के वरिष्ठ नेता ललन प्रसाद को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा खाली की गई सीट से विधान परिषद भेजा गया है। वहीं लोजपा (रामविलास) ने संगठन के पुराने और सक्रिय नेता अशरफ अंसारी को मौका देकर कार्यकर्ताओं को बड़ा संदेश दिया है। दूसरी ओर राजद ने अपने मुखर नेता डॉ. सुनील कुमार सिंह पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें उच्च सदन भेजा है, ताकि विपक्ष की आवाज पहले की तरह बुलंद बनी रहे।

आज का शपथ ग्रहण समारोह सिर्फ संवैधानिक औपचारिकता नहीं, बल्कि बिहार की बदलती राजनीतिक बिसात और आगामी चुनावों से पहले दलों की रणनीति का भी महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। खासकर पवन सिंह की सक्रिय राजनीतिक एंट्री आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति में नई चर्चा और नए समीकरणों को जन्म दे सकती है।
@MUSKAN KUMARI






