मोतिहारी जिले के पताही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला सुरक्षा गार्ड अस्पताल परिसर में एक युवक की चप्पलों से पिटाई करती नजर आ रही है। दावा किया जा रहा है कि पिटाई का शिकार युवक अस्पताल का एम्बुलेंस सहायक शुभम कुमार है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, महिला सुरक्षा गार्ड ने एम्बुलेंस सहायक पर लंबे समय से छेड़खानी, अभद्र व्यवहार और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि आरोपी लगातार फब्तियां कसता था। शुरुआत में उसने इन हरकतों को नजरअंदाज किया, लेकिन जब कथित तौर पर यह सिलसिला नहीं रुका तो उसने विरोध किया।

बताया जा रहा है कि गुरुवार को इसी बात को लेकर अस्पताल परिसर में दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। महिला गार्ड ने आरोपी की चप्पलों, लात और घूंसों से पिटाई कर दी। घटना के दौरान अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन अधिकांश लोग मूकदर्शक बने रहे।
मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला गार्ड आरोपी पर छेड़खानी और अभद्र टिप्पणी करने के आरोप लगाती भी सुनाई दे रही है।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। फिलहाल इस मामले में पुलिस या स्वास्थ्य विभाग की ओर से किसी आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
नोट: वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
@MUSKAN KUMARI






