बिहार टेंडर घोटाला: 7 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल, IAS संजीव हंस समेत कई बड़े नाम शामिल

बिहार के बहुचर्चित टेंडर घोटाला मामले में विशेष सतर्कता इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात प्रमुख आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी है। एसवीयू के एडीजी पंकज दराद ने बताया कि जांच के दौरान पर्याप्त और ठोस साक्ष्य मिलने के बाद रिशु श्री, आईएएस संजीव हंस, संतोष कुमार, पवन कुमार, मुमुक्षु चौधरी, तारिणी दास और उमेश सिंह को मुख्य अभियुक्त बनाते हुए आरोप पत्र दाखिल किया गया है।

 

जांच एजेंसी के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क का मुख्य संचालक रिशु श्री था, जो विभिन्न सरकारी निविदाओं में दलाली कर अपनी पसंदीदा कंपनियों को टेंडर दिलवाने का काम करता था। इसके बदले संबंधित कंपनियों से 7 से 10 प्रतिशत तक कमीशन लिया जाता था। जांच में यह भी सामने आया है कि वसूली गई रकम का एक हिस्सा प्रभावशाली अधिकारियों और संबंधित लोगों को मैनेज करने में खर्च किया जाता था। इस कथित लेनदेन से जुड़े कई डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्य भी जांच एजेंसियों को मिले हैं।

 

एडीजी ने बताया कि कोशी बराज से जुड़े एक महत्वपूर्ण टेंडर को पहले अहमदाबाद की एक कंपनी को दिलाया गया, जिसे बाद में पवन कुमार से जुड़ी कंपनी को ट्रांसफर कर दिया गया। सहरसा, सीतामढ़ी समेत कई जिलों में टेंडर मैनेजमेंट के मामलों की भी जांच में पुष्टि हुई है। छापेमारी के दौरान रिशु श्री के ठिकानों से 61 संपत्तियों के दस्तावेज और भारी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद किए गए थे।

 

जांच में पैसों के लेनदेन को लेकर भी कई अहम तथ्य सामने आए हैं। एसवीयू के अनुसार, आईएएस संजीव हंस द्वारा सुनील कुमार सिन्हा के माध्यम से 90 लाख रुपये गायत्री देवी तक पहुंचाए जाने के प्रमाण मिले हैं। वहीं संजीव हंस और पवन कुमार फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

 

इस मामले में आईएएस अधिकारी अभिलाषा शर्मा और योगेश कुमार सागर भी जांच एजेंसियों के रडार पर हैं। हालांकि अब तक इनके खिलाफ टेंडर प्रक्रिया में सीधे हस्तक्षेप का कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला है, लेकिन वित्तीय लेनदेन से जुड़े कुछ साक्ष्य सामने आने के बाद दोनों को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया गया है। एसवीयू ने स्पष्ट किया है कि जांच अभी जारी है और किसी को भी फिलहाल क्लीन चिट नहीं दी गई है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल