जिले में राजस्व कार्यों में तेजी लाने और आम जनता से जुड़े मामलों के समयबद्ध निष्पादन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सावन कुमार ने बुधवार को निर्मली अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक पहुंचने से कार्यालय में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल मच गई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व एवं लोकहित से जुड़े विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और कई आवश्यक निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), परिमार्जन, भूमि मापी तथा राजस्व महा-अभियान की प्रगति की समीक्षा की। कई मामलों के लंबित पाए जाने और कार्यों में सुस्ती पर उन्होंने नाराजगी जताई। डीएम ने अंचल अधिकारी और संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों की सूची तैयार कर एक सप्ताह के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
भूमि मापी से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि समय पर भूमि मापी होने से ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि विवादों को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने अमीनों और राजस्व कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मापी मामलों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पादन किया जाए और इसकी नियमित निगरानी की जाए।

डीएम ने राजस्व महा-अभियान और विशेष सहयोग शिविरों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों को सरल और सुलभ राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निपटारा किया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय की कार्यप्रणाली और अभिलेखों के रखरखाव की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि राजस्व कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि कार्यालय आने वाले फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें।
@MUSKAN KUMARI





