मोहर्रम के त्योहार से ठीक पहले कटिहार जिले में एक किराना दुकान से पांच देसी बम बरामद होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मामला कोढ़ा थाना क्षेत्र के कोलासी पुलिस शिविर अंतर्गत मधुरा गांव का है, जहां रिहायशी इलाके में स्थित एक दुकान से विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में दुकान के अंदर कोल्ड ड्रिंक के कैरेट में छिपाकर रखे गए पांच लो-इंटेंसिटी देसी बम बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि बमों को काले रंग की पॉलिथीन में बांधकर बेहद गोपनीय तरीके से रखा गया था। बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।
मोहर्रम जैसे संवेदनशील पर्व से पहले बम मिलने की घटना को पुलिस गंभीरता से ले रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बमों को दुकान में किस उद्देश्य से रखा गया था और इसके पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका तो नहीं है। स्थानीय स्तर पर भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष मोहर्रम के दौरान इसी इलाके में ताजिया जुलूस के समय दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प और पथराव की घटना हुई थी। ऐसे में इस बार प्रशासन पहले से ही विशेष सतर्कता बरत रहा था। बम बरामदगी की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने दुकान और आसपास के क्षेत्र को सील कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद बमों का सप्लायर कौन है और इसके पीछे किसका हाथ है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
@MUSKAN KUMARI






