राजधानी पटना में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पटना पुलिस ने व्यापक स्तर पर विशेष छापेमारी अभियान चलाया। एसएसपी के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों के दौरान की गई कार्रवाई में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 163 अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में हत्या, लूट, डकैती और अंतर-जिला शराब तस्करी जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त कई शातिर अपराधी शामिल हैं। लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी से आपराधिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।

शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के तहत पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर करीब 239.5 लीटर अवैध विदेशी एवं देसी शराब बरामद की। वहीं मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए अभियान में 461.9 ग्राम गांजा भी जब्त किया गया, जिसे शहर के अलग-अलग इलाकों में खपाने की तैयारी थी।
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने 15 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। इसके अलावा अपराधियों के कब्जे से चोरी के 10 मोबाइल फोन तथा बिना वैध दस्तावेजों के संचालित छह वाहनों को भी जब्त किया गया है।
पटना पुलिस का कहना है कि आम नागरिकों की सुरक्षा और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष चेकिंग और छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी अपराधी या अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
@MUSKAN KUMARI






