पटना। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पटना स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में गुलाब के फूलों की टोकरियां लेकर उनकी गाड़ी के पास पहुंचे और फूलों की बारिश कर जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच नीतीश कुमार ने भी हाथ जोड़कर और ताली बजाकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया।
पार्टी कार्यालय में आयोजित राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषद की संयुक्त बैठक में जेडीयू के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव, वरिष्ठ नेता ललन सिंह, राज्यसभा सांसद संजय झा, लेसी सिंह, मदन सहनी, अशोक चौधरी, चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा समेत कई प्रमुख नेता शामिल हुए। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने मंच पर पहुंचकर नीतीश कुमार का आशीर्वाद लिया।
बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय परिषद की बैठक में सर्वसम्मति से नीतीश कुमार के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के निर्वाचन का विधिवत अनुमोदन कर दिया गया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का दोबारा संगठन की कमान संभालना पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए खुशी और उत्साह का विषय है।

विजय कुमार चौधरी ने कहा कि बैठक की एक बड़ी विशेषता स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की सक्रिय भागीदारी रही। उनके पूरे दिन संगठनात्मक गतिविधियों में शामिल रहने से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिला और इससे पार्टी को भविष्य में और मजबूती मिलने का संदेश गया।
वहीं, मंत्री मदन सहनी ने बताया कि संगठनात्मक चुनाव के तहत उमेश सिंह कुशवाहा को लगातार तीसरी बार बिहार जेडीयू का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पार्टी के नेता और कार्यकर्ता आगे काम करेंगे तथा स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के नेतृत्व में पूरे बिहार का दौरा कर संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा।
@MUSKAN KUMARI





