बेतिया में जॉब कैंप का आयोजन, एसबीआई लाइफ में 42 पदों पर भर्ती के लिए उमड़े युवा
बेतिया। पश्चिम चम्पारण के बेतिया स्थित जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (डीआरसीसी) परिसर में श्रम संसाधन विभाग की ओर से एक दिवसीय जॉब कैंप का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए 100 से अधिक शिक्षित बेरोजगार युवाओं ने हिस्सा लिया और नौकरी के लिए अपना बायोडाटा जमा किया।
इस जॉब कैंप में मुख्य नियोजक के रूप में एसबीआई लाइफ की बेतिया शाखा की टीम मौजूद रही। कंपनी के अधिकारियों और बिजनेस मैनेजर ने अभ्यर्थियों को जॉब प्रोफाइल, कार्य दायित्वों और कंपनी की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। भर्ती अभियान के तहत कंपनी द्वारा 2 मैनेजर और 40 लाइफ मित्रा समेत कुल 42 पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
Ad.
एसबीआई लाइफ के बिजनेस मैनेजर राकेश कुमार ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को आकर्षक मानदेय के साथ मेडिकल और लाइफ इंश्योरेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को विशेष इंसेंटिव का लाभ भी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि चयनित सभी 42 उम्मीदवारों का कार्यक्षेत्र पश्चिम चम्पारण जिला ही रहेगा। इससे युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों या जिलों में पलायन नहीं करना पड़ेगा। अपने गृह जिले में रोजगार के अवसर मिलने से युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और देर शाम तक आवेदन जमा करने का सिलसिला जारी रहा।
युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के सहयोग से आयोजित इस कैंप का उद्देश्य निजी कंपनियों और योग्य अभ्यर्थियों को एक मंच पर लाकर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। विभाग के अधिकारियों के अनुसार, ऐसे आयोजन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और कौशल आधारित रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।