हाजीपुर/वैशाली: बिहार के वैशाली जिले में फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने अनोखे अंदाज में कार्रवाई की। लालगंज थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के यौन शोषण के मामले में फरार चल रहे आरोपी साहिल कुमार के घर पुलिस बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंची। पुलिस ने गांव में मुनादी कराते हुए अदालत द्वारा जारी इश्तेहार को आरोपी के घर की दीवार पर चस्पा कर दिया। इस कार्रवाई को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
पुलिस के अनुसार, मार्च महीने में लालगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग लड़की ने आरोप लगाया था कि साहिल कुमार ने शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया। पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद से ही आरोपी फरार चल रहा है।
मामले में लगातार छापेमारी के बावजूद आरोपी के हाथ नहीं लगने पर अदालत ने पहले उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। इसके बावजूद आरोपी ने न तो पुलिस के समक्ष और न ही अदालत में आत्मसमर्पण किया। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने इश्तेहार तामील की कार्रवाई की।

लालगंज एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि अदालत के निर्देशानुसार आरोपी साहिल कुमार को 30 दिनों के भीतर आत्मसमर्पण करने का अल्टीमेटम दिया गया है। पुलिस ने मुनादी के माध्यम से आरोपी और उसके परिजनों को चेतावनी दी है कि तय समय सीमा के भीतर सरेंडर नहीं करने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसडीपीओ ने कहा कि यदि आरोपी एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो अदालत से अनुमति लेकर उसके घर की कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार नजर बनाए हुए है।
@MUSKAN KUMARI





