पटना: बिहार की राजधानी पटना के विस्तार और विकास को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान किया है। फुलवारीशरीफ के नदियावां में आयोजित प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर में उन्होंने घोषणा की कि पटना में विकसित किए जा रहे नए टाउनशिप का नाम “पाटलिपुत्र” रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पाटलिपुत्र बिहार की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल में पाटलिपुत्र देश का राजनीतिक, प्रशासनिक और ज्ञान का प्रमुख केंद्र था, इसलिए नए शहर को इसी ऐतिहासिक पहचान से जोड़ने का फैसला लिया गया है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, कानून के राज और औद्योगिक विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधियों और सामाजिक नेताओं के सुझाव के बाद सरकार ने नए टाउनशिप को पाटलिपुत्र नाम देने का निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री ने किसानों को राहत देने का संकेत देते हुए कहा कि भूमि अधिग्रहण और विकास परियोजनाओं से प्रभावित किसानों को वर्तमान व्यवस्था से अधिक मुआवजा देने के लिए जल्द ही कैबिनेट में फैसला लिया जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि शादी, बीमारी या किसी अन्य संकट की स्थिति में किसानों और भूमि मालिकों के परिवारों को जिला प्रशासन के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार बड़े पटना और समृद्ध बिहार की परिकल्पना को साकार करने के लिए विकास और किसान हितों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।
@MUSKAN KUMARI






