मुजफ्फरपुर। सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती और प्यार का एक हैरान करने वाला मामला मुजफ्फरपुर के पियर थाना क्षेत्र से सामने आया है। इंस्टाग्राम पर हुई पहचान के बाद एक नाबालिग युवती अपने परिवार को छोड़कर करीब 850 किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में रहने वाले युवक के पास पहुंच गई। बाद में परिजनों की शिकायत पर सक्रिय हुई पुलिस ने युवती को सकुशल बरामद कर लिया, जबकि उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
31 मार्च को घर से निकली थी युवती
जानकारी के अनुसार, पियर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली नाबालिग युवती 31 मार्च 2026 को किताब लाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पियर थाने में बेटी के अपहरण का मामला दर्ज कराया गया।
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती
सूत्रों के मुताबिक, युवती की इंस्टाग्राम के माध्यम से उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के रहने वाले 20 वर्षीय युवक बृज मोहन से पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह रिश्ता प्रेम में बदल गया। अपने प्रेमी से मिलने की चाह में युवती घर छोड़कर उसके पास पहुंच गई।
850 किलोमीटर का सफर तय कर पहुंची रामपुर
बताया जा रहा है कि युवती 31 मार्च को घर से निकलने के बाद मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पहुंची और वहां से ट्रेन के जरिए करीब 850 किलोमीटर की दूरी तय कर उत्तर प्रदेश के रामपुर पहुंच गई। इस दौरान परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे रहे।
महिला सब इंस्पेक्टर के नेतृत्व में चली जांच
मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पियर थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर नवेदिता कुमारी के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश पहुंचकर नाबालिग युवती को सकुशल बरामद कर लिया।
इसके साथ ही पुलिस ने युवती के प्रेमी बृज मोहन को भी गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
परिजनों ने ली राहत की सांस
युवती के सकुशल बरामद होने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है। वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए बनने वाले संबंधों और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
@MUSKAN KUMARI





