पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के 78वें जन्मदिन के अवसर पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गुरुवार को बिहार सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने शिक्षा, रोजगार, महंगाई, कानून-व्यवस्था और हालिया राजनीतिक विवादों को लेकर सरकार को घेरा और कई मुद्दों पर तीखी प्रतिक्रिया दी।
‘नौवीं फेल’ वाले बयान पर दिया जवाब
तेजस्वी यादव ने मंत्री विजेंद्र यादव के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्हें “नौवीं फेल” बताया गया था। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी शैक्षणिक योग्यता को लेकर कभी कोई भ्रम नहीं रखा और हमेशा साफ-साफ बताया है कि उनकी क्या डिग्री है।
उन्होंने कहा कि देश में कई बड़े नेताओं की डिग्री को लेकर सवाल उठते रहे हैं, लेकिन उन्होंने अपनी शिक्षा के बारे में कभी कोई गलत दावा नहीं किया।
निशांत कुमार को लेकर कसा तंज
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर पूछे गए सवाल पर तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें शिक्षा मंत्री पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा, “जब एक प्रोफेसर बन गए हैं, तो उम्मीद है कि एक इंजीनियर भी बन जाएंगे।”
गौरतलब है कि पहले निशांत कुमार को इंजीनियर बताया गया था, लेकिन बाद में उनके नामांकन पत्र से यह सामने आया कि वे 12वीं पास हैं।
कानून-व्यवस्था और महंगाई को लेकर सरकार पर हमला
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बिहार की जनता सब कुछ देख रही है। राज्य में रोजगार का अभाव है, महंगाई बढ़ रही है और पलायन लगातार जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमीर और अमीर होता जा रहा है, जबकि गरीब और गरीब होता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का काम कर रही है।
‘ध्यान भटकाने की राजनीति कर रही सरकार’
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि सरकार के खजाने की स्थिति ठीक नहीं है और कई मामलों में बड़े अधिकारियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में कई घोटाले सामने आए हैं, लेकिन सरकार जवाब देने से बच रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल सुरक्षा हटाने, बंगला खाली कराने और नाम बदलने जैसे मुद्दों को राजनीतिक हथियार बनाकर लाभ लेने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे मुद्दे कुछ दिनों तक सुर्खियां बन सकते हैं, लेकिन जनता अब असली मुद्दों पर जवाब मांग रही है।

‘युवाओं को रोजगार नहीं, लाठियां मिलीं’
तेजस्वी यादव ने कहा कि जब युवा अपने अधिकार और रोजगार की मांग को लेकर सड़कों पर उतरते हैं, तो उन्हें लाठियां मिलती हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि युवाओं को नौकरी और रोजगार देने के जो वादे किए गए थे, उनका क्या हुआ।
महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के वादों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की घोषणाओं पर भी अब तक कोई स्पष्टता नहीं है।
सम्राट चौधरी को दी बहस की चुनौती
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि सरकार को मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल बयानबाजी से बिहार की समस्याओं का समाधान नहीं होगा।
लालू यादव को बताया गरीबों का मसीहा
अपने पिता और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन पर तेजस्वी यादव भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव गरीबों, वंचितों और सामाजिक न्याय के संघर्ष का बड़ा नाम हैं।
उन्होंने कहा, “गरीबों के मसीहा लालू प्रसाद यादव का आज जन्मदिन है। हम उनके बेटे होने के नाते कामना करते हैं कि वह स्वस्थ रहें और हमेशा हम सबका मार्गदर्शन करते रहें। उनका संघर्षपूर्ण जीवन लाखों लोगों के लिए प्रेरणा है।”
@MUSKAN KUMARI





