मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र स्थित जनार गांव में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 65 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मच गया, जबकि स्थानीय ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है।
मृतका की पहचान जनार गांव निवासी बृजनंदन महतो की पत्नी नंदनी देवी (65) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोपहर के समय वह किसी कार्य से घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान गांव के एक बिजली पोल के अर्थिंग तार में करंट उतर आया था। हाल की बारिश के कारण पोल के आसपास पानी जमा था और पैर फिसलने से वह करंट युक्त पानी की चपेट में आ गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करंट का झटका इतना तेज था कि नंदनी देवी को संभलने का मौका नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद बेदौल ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मुजफ्फरपुर स्थित एसकेएमसीएच भेज दिया।
घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं।
वहीं, स्थानीय लोगों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में कई स्थानों पर जर्जर पोल और खुले तार लोगों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं। उन्होंने दोषी अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
@MUSKAN KUMARI





