कटिहार। बिहार में पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव के बीच कटिहार के शहीद चौक ओवरब्रिज पर बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया। चलती हुई एक बाइक में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते वह आग के गोले में तब्दील हो गई। हालांकि, बाइक सवार दो युवकों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, मिरचाईबाड़ी निवासी इकलाख आलम अपने साथी शाहनवाज के साथ बाइक से शहीद चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ओवरब्रिज के समीप बाइक के इंजन के पास अचानक चिंगारी उठी और धुआं निकलने लगा। कुछ ही क्षणों में आग ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए दोनों युवकों ने तत्काल बाइक को सड़क पर छोड़ दिया और सुरक्षित स्थान की ओर भाग गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि दोनों कुछ देर और बाइक पर रहते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

ओवरब्रिज पर अचानक लगी आग के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। वहीं, लगातार बढ़ रहे तापमान और हीट वेव को भी घटना के संभावित कारणों में शामिल माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा।
@MUSKAN KUMARI





