बिहार के खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात: बिना परीक्षा मिलेगी सरकारी नौकरी, नई खेल नियुक्ति नीति 2026 लागू

पटना। बिहार सरकार ने प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए सरकारी नौकरियों का बड़ा रास्ता खोल दिया है। नई खेल नियुक्ति नीति-2026 के तहत अब अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बिना किसी लिखित परीक्षा के सीधे सरकारी नौकरी दी जाएगी। इस फैसले को खेल जगत के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है, जिससे युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ने की उम्मीद है।

नई व्यवस्था के अनुसार ओलंपिक, एशियाई खेल, कॉमनवेल्थ गेम्स और नेशनल गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के आधार पर विभिन्न पदों पर नियुक्ति दी जाएगी। चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की प्रतियोगी परीक्षा नहीं होगी और खिलाड़ियों की उपलब्धियों को ही उनकी योग्यता का आधार माना जाएगा।

सरकार ने दूसरे राज्यों, केंद्र सरकार अथवा सार्वजनिक उपक्रमों (पीएसयू) में कार्यरत बिहारी खिलाड़ियों के लिए भी विशेष प्रावधान किया है। ऐसे खिलाड़ियों को बिहार में वापस आने का अवसर मिलेगा। नई नियुक्ति के बाद उनकी पूर्व सेवा अवधि की गणना की जाएगी और नौकरी में किसी प्रकार का ब्रेक नहीं माना जाएगा। साथ ही उनका वेतनमान और अन्य सेवा लाभ भी सुरक्षित रहेंगे।

Ad.
Ad.

 

5 जून से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया

बिहार खेल नियुक्ति 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 5 जून से 20 जून तक चलेगी। इच्छुक खिलाड़ी सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकेंगे। नियुक्ति के लिए वही खिलाड़ी पात्र होंगे जिन्होंने ओलंपिक, एशियाई खेल या कॉमनवेल्थ गेम्स में भाग लिया हो अथवा पदक जीता हो। इसके अलावा खेल उपलब्धियां पिछले दो वित्तीय वर्षों की या पदक जीतने की तिथि से अधिकतम तीन वर्ष के भीतर की होनी चाहिए।

मेडल के आधार पर मिलेगा पद और वेतनमान

नई नीति के तहत ओलंपिक पदक विजेताओं तथा एशियाई और कॉमनवेल्थ खेलों के स्वर्ण पदक विजेताओं को लेवल-9 (ग्रेड पे 5400) के पदों पर नियुक्त किया जाएगा। वहीं ओलंपिक प्रतिभागियों और एशियाई या कॉमनवेल्थ खेलों के रजत एवं कांस्य पदक विजेताओं को लेवल-7 (ग्रेड पे 4600) का लाभ मिलेगा।

इसके अलावा एशियाई और कॉमनवेल्थ खेलों के प्रतिभागियों तथा नेशनल गेम्स के स्वर्ण और रजत पदक विजेताओं को लेवल-6 (ग्रेड पे 4200) के पदों पर नियुक्ति दी जाएगी। नेशनल गेम्स में शीर्ष-8 स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को भी ट्रायल के माध्यम से सरकारी नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।

खेल प्रतिभाओं को सम्मान और सुरक्षित भविष्य देने की दिशा में बिहार सरकार का यह कदम प्रदेश के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है। इससे न केवल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि राज्य में खेल संस्कृति को भी नई मजबूती मिलेगी।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल