भागलपुर, बिहार: बिहार पुलिस की कार्यशैली और अनुशासन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। भागलपुर जिले से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला पुलिसकर्मी कथित तौर पर ड्यूटी के दौरान नाव पर रील बनाती नजर आ रही हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस विभाग में चर्चा तेज हो गई है।
मामला बरारी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में महिला पुलिसकर्मी विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद संचालित नाव सेवा के दौरान नाव पर खड़ी दिखाई देती हैं। इसी दौरान उनके रील बनाने का दावा किया जा रहा है, हालांकि इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है और न ही यह स्पष्ट है कि यह कब और किन परिस्थितियों में रिकॉर्ड किया गया।
पुलिस मुख्यालय समय-समय पर वर्दी में सोशल मीडिया के इस्तेमाल और ड्यूटी के दौरान इस तरह की गतिविधियों पर सख्त निर्देश जारी करता रहा है। पुलिस महानिदेशक की ओर से पहले भी स्पष्ट किया जा चुका है कि ड्यूटी के दौरान मनोरंजनात्मक वीडियो या रील बनाना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।

पिछले कुछ वर्षों में ऐसे मामलों में विभागीय कार्रवाई भी की गई है, जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर और कुछ को निलंबित किया गया था। हाल ही में पूर्णिया में भी एक महिला थाना प्रभारी के खिलाफ इसी तरह के आरोपों पर कार्रवाई चर्चा में रही थी।
वहीं दूसरी ओर विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के कारण पहले से ही भागलपुर, कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे संवेदनशील समय में यह वीडियो सामने आने से लोगों में नाराजगी और अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखी जा रही हैं।
फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। यदि जांच में वीडियो की पुष्टि होती है, तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई तय मानी जा रही है।
@MUSKAN KUMARI





