लखनऊ चारबाग स्टेशन पर हादसा, प्लेटफॉर्म पर टीन शेड गिरने से TTE समेत तीन घायल

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित चारबाग रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर चल रहे मरम्मत कार्य के दौरान अचानक टीन शेड का एक हिस्सा गिर गया, जिसकी चपेट में आकर टीटीई समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार चारबाग रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य चल रहा है। एयर कॉनकोर्स निर्माण के तहत पुराने शेड हटाने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान शुक्रवार सुबह प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर लगा टीन शेड अचानक भरभराकर गिर पड़ा।

हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान टीन शेड के नीचे दबे यात्रियों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों में टीटीई भूपेंद्र, यात्री अभिषेक और साहिल शामिल हैं। बताया जा रहा है कि टीटीई भूपेंद्र का पैर फ्रैक्चर हो गया है, जबकि यात्री साहिल की जांघ में गंभीर चोट आई है। सभी घायलों को इलाज के लिए अजंता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के दौरान प्लेटफॉर्म पर पहुंच रही हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस को समय रहते रोक दिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। रेलवे अधिकारियों ने मौके पर क्रेन मंगवाकर गिरे हुए टीन शेड को हटाने का काम शुरू कराया।

फिलहाल रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है। हादसे के बाद स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण कार्यों की निगरानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल