पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में शराब कारोबारियों और असामाजिक तत्वों का दुस्साहस उस वक्त सामने आया, जब मद्य निषेध विभाग की टीम पर जमकर पथराव किया गया। घटना करनौती पंचायत के रानीसराय गांव स्थित पासवान टोला की बताई जा रही है, जहां शराब बिक्री और सेवन की सूचना पर पहुंची टीम को उग्र भीड़ के विरोध का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार गुरुवार देर शाम मद्य निषेध इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद को सूचना मिली थी कि इलाके के एक होटल में अवैध रूप से शराब परोसी जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने छापेमारी की कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया और अधिकारियों के साथ अभद्रता की गई। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही देर में भीड़ उग्र हो गई और मद्य निषेध टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया गया। पथराव में सरकारी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं वाहन चालक कन्हैया कुमार और सिपाही उदित राज घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बख्तियारपुर में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने मामले में बख्तियारपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कर ली है। साथ ही पथराव करने वाले आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने मौके से दो संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है।
वहीं घटना ने नया मोड़ तब ले लिया जब होटल संचालक के परिवार ने मद्य निषेध टीम पर मनमानी और मारपीट का आरोप लगाया। रूना देवी ने आरोप लगाया कि टीम बिना सूचना घर में घुस गई और परिवार के लोगों के साथ मारपीट की गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
@MUSKAN KUMARI






