Thiyagarajan S M ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर बड़ा और सख्त संदेश देते हुए कहा है कि प्लास्टिक और पॉलीथिन बैग का बढ़ता इस्तेमाल अब पर्यावरण और जनजीवन दोनों के लिए गंभीर खतरा बन चुका है।
पटना जिलाधिकारी ने साफ कहा कि सरकार और जिला प्रशासन द्वारा पॉलीथिन पर पहले ही प्रतिबंध लगाया जा चुका है और अब इसका सख्ती से पालन कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। तय मानकों से अधिक मोटाई वाले पॉलीथिन के इस्तेमाल पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने कहा कि पॉलीथिन न तो आसानी से नष्ट होता है और न ही प्रकृति में घुलता है, जिसके कारण यह लंबे समय तक पर्यावरण को नुकसान पहुंचाता रहता है। कई बार आवारा जानवर गलती से पॉलीथिन खा लेते हैं, जिससे उनकी मौत तक हो जाती है।

उन्होंने यह भी बताया कि पॉलीथिन नालियों और जल निकासी व्यवस्था को बाधित करता है। नालों में जमा होने से जलजमाव की समस्या पैदा होती है और कई बार शहरी क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन जाते हैं।
प्रशासन ने लोगों से कपड़े के थैले, पेपर बैग और अन्य पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की है। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के संकेत भी दिए गए हैं।
@MUSKAN KUMARI





