Lalu Prasad Yadav के परिवार का एक निजी आयोजन इन दिनों राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख के पोते लाल विराज यादव का पहला जन्मदिन इस बार दिल्ली-एनसीआर में भव्य तरीके से मनाए जाने की तैयारी है। इस आयोजन को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है।
सूत्रों के मुताबिक यह कार्यक्रम 27 तारीख को Ghaziabad स्थित रागिनी यादव के फार्म हाउस में आयोजित किया जाएगा। समारोह में लालू परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय जनता दल के कई सांसद, विधायक और विधान पार्षद भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे, जिससे यह आयोजन पारिवारिक के साथ-साथ राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है।
सबसे ज्यादा चर्चा Akhilesh Yadav की संभावित मौजूदगी को लेकर हो रही है। पारिवारिक रिश्तों के चलते उनके कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसके अलावा अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं के आने को लेकर भी अटकलों का दौर जारी है।

इधर Patna में भी इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। विशेष रूप से 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास के बाहर बधाई संदेश वाले पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टरों में “हैप्पी बर्थडे लाल विराज” और “आप सदा खुश रहें और समाज का नाम रोशन करें” जैसे संदेश लिखे गए हैं।
राजनीतिक जानकार इस आयोजन को केवल पारिवारिक समारोह नहीं, बल्कि विपक्षी दलों के बीच रिश्तों और समीकरणों की अनौपचारिक झलक के रूप में भी देख रहे हैं। कई बड़े नेताओं की संभावित मौजूदगी ने इस कार्यक्रम की राजनीतिक अहमियत को और बढ़ा दिया है।
@MUSKAN KUMARI





