जहानाबाद पुलिस ने अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात वांछित अपराधी सौरभ कुमार के आवास पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। इस सख्त कदम के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों के बीच पुलिस कार्रवाई चर्चा का विषय बन गई।
पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान के निर्देश पर रविवार रात करीब 9 बजे भारी पुलिस बल न्यायालय के आदेश के साथ आरोपी के घर पहुंचा। देखते ही देखते पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और पुलिस की कार्रवाई को देखते रहे।
पुलिस टीम ने घर की एक-एक संपत्ति को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त करना शुरू किया। कार्रवाई के दौरान घर के दरवाजे, खिड़कियां और अन्य कीमती सामान तक उखाड़कर कब्जे में लिया गया। अधिकारियों के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल था।

पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई केवल संपत्ति जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि अपराधियों को यह स्पष्ट संदेश देने के लिए की गई है कि कानून से बचना अब आसान नहीं होगा। पूरी कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि ऐसे कदमों से अपराधियों में डर का माहौल बनेगा और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी। वहीं पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फरार और वांछित अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
@MUSKAN KUMARI






