पटना में शराबबंदी कानून के बीच मुख्यमंत्री आवास के समीप शराब की खाली बोतल मिलने से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। मामला राजधानी के वीवीआईपी इलाके का है, जहां सुरक्षा कर्मियों को सड़क किनारे एक संदिग्ध झोला पड़ा मिला।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री आवास के आसपास तैनात सुरक्षा कर्मियों की नजर झोले पर पड़ी। जांच करने पर उसमें शराब की खाली बोतल बरामद हुई। इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस ने शराब की बोतल को जब्त कर लिया है और मामले की तह तक जाने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि बोतल वहां कैसे पहुंची और इसके पीछे किसका हाथ है।
घटना के बाद मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। राज्य का सबसे सुरक्षित माना जाने वाला वीवीआईपी इलाका होने के बावजूद शराब की बोतल मिलना प्रशासन के लिए गंभीर मामला माना जा रहा है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच इस एंगल से भी की जा रही है कि मामला शराब तस्करी से जुड़ा है या किसी ने जानबूझकर झोला वहां छोड़ दिया था। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हुई हैं।
गौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है जब बिहार के हाई सिक्योरिटी जोन में शराब से जुड़ी चीजें बरामद हुई हों। इससे पहले बिहार विधानमंडल परिसर और राज्य सचिवालय परिसर में भी शराब की बोतलें मिलने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में बड़ा विवाद खड़ा हो चुका है।
अब मुख्यमंत्री आवास के बाहर शराब की बोतल मिलने के बाद एक बार फिर बिहार में लागू शराबबंदी कानून और उसकी प्रभावशीलता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
@MUSKAN KUMARI





