बिहार में एनडीए का शक्ति प्रदर्शन, सम्राट कैबिनेट में निशांत कुमार की एंट्री से बढ़ी सियासी हलचल

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार का गुरुवार को बड़ा मंत्रिमंडल विस्तार होने जा रहा है। राजधानी पटना के गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हम और रालोमो के कुल 25 नेता मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12:30 बजे से शुरू होगा।

समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत एनडीए के कई बड़े नेता शामिल होंगे। इससे पहले सम्राट सरकार में जदयू के विजय चौधरी और विजेंद्र यादव उपमुख्यमंत्री के रूप में पहले ही शपथ ले चुके हैं।

मंत्री पद की शपथ लेने वालों में श्रवण कुमार, विजय कुमार सिन्हा, डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, निशांत कुमार, लेशी सिंह, रामकृपाल यादव, नीतीश मिश्रा, दामोदर रावत, संजय सिंह ‘टाइगर’, अशोक चौधरी, भगवान सिंह कुशवाहा, अरुण शंकर प्रसाद, मदन सहनी, डॉ. संतोष कुमार सुमन, रमा निषाद, रत्नेश सादा, कुमार शैलेन्द्र, शीला कुमारी, केदार प्रसाद गुप्ता, लखेन्द्र कुमार रौशन, सुनील कुमार, श्रेयसी सिंह, मोहम्मद जमा खान, नंदकिशोर राम और शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल के नाम शामिल हैं।

Ad.
Ad.

 

इस मंत्रिमंडल विस्तार की सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर हो रही है। निशांत कुमार पहली बार सक्रिय राजनीति में बड़ी भूमिका निभाने जा रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह से पहले उन्होंने अपने पिता नीतीश कुमार के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद रहे। निशांत ने दोनों नेताओं का भी आशीर्वाद लिया।

निशांत कुमार की इस राजनीतिक एंट्री के बाद बिहार की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्हें सरकार में अहम जिम्मेदारी मिल सकती है और उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की भी चर्चा तेज है।

एनडीए सरकार का यह मंत्रिमंडल विस्तार आगामी चुनावों और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए बेहद अहम माना जा रहा है। नई टीम के जरिए सरकार संगठनात्मक मजबूती और जातीय संतुलन साधने की रणनीति पर आगे बढ़ती दिख रही है।

@MUSKAN KUMARI

 

 

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल